किराये के कमरे में बीए छात्रा ने लगाई फांसी, 15 दिन पहले ही पढ़ाई के लिए आई थी शहर
बिहार के जमुई शहर के शांति नगर मोहल्ले में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही बीए प्रथम वर्ष की एक छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जमुई: बिहार के जमुई शहर के शांति नगर मोहल्ले में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही बीए प्रथम वर्ष की एक छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के हरपेटी गांव निवासी उमेश तांती की 18 वर्षीय पुत्री रुबी कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रुबी कुमारी केकेएम कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह पढ़ाई के उद्देश्य से अपनी सहेली नंदनी कुमारी के साथ करीब 15 दिन पहले ही जमुई शहर में किराये के मकान में रहने आई थी।
मृतका की सहेली ने बताया कि मंगलवार रात दोनों छत पर टहल रही थीं। कुछ देर बाद रुबी नीचे अपने कमरे में चली गई। जब वह भी नीचे लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मकान मालिक और आसपास के लोगों को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों ने खिड़की की जाली काटकर कमरे के अंदर प्रवेश किया, जहां रुबी दुपट्टे के सहारे छत की कड़ी से लटकी मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर शहर के बोधवन तालाब स्थित एक निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुधवार सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस छात्रा की सहेली और परिजनों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
(यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी विश्वसनीय परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत संपर्क करें। समय पर मदद मिलना बेहद महत्वपूर्ण है।)
dhananjaykumarroy